सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा चंद्रयान-3 से लिया गया पृथ्वी का फर्जी वीडियो, जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई

  • इसरो की वेबसाइट के अलावा अन्य प्लैटफॉर्म्स से भी लैंडर विक्रम की लैंडिंग का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा
  • चंद्रयान-3 को लेकर किया जा रहा भ्रामक दावा
  • वायरल हो रहा फर्जी वीडियो

Raja Verma
Update: 2023-08-22 16:41 GMT

डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली।  इसरो के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक चंद्रयान-3 मिशन के तहत लैंडर विक्रम की कल शाम लगभग 6 बजे चंद्रमा की सतह पर उतरने की उम्मीद है। भारत के इस महत्वकांक्षी मून मिशन का आगाज 14 जुलाई को दोपहर 2:35 पर हुआ था। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने श्री हरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से चंद्रयान-3 को सफलतापूर्वक लॉन्च किया था।

तब से अब तक इसरो, लैंडर के कैमरे से ली गई पृथ्वी और चंद्रमा की कई तस्वीरें अपने सोशल मीडिया हैंडल से शेयर कर चुका है। अब एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर चंद्रमा की सतह के पास से ली गई पृथ्वी की 11 सेकेंड की एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वसीम आर खान नाम के एक एक्स यूजर ने अपने अकाउंट से यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "लीजिए पेश है चंद्रयान-3 मिशन द्वारा चांद से भेजी गयी खूबसूरत तस्वीरें!" इसके बाद कई और यूजर्स भी समान दावा करते हुए लगातार यह वीडियो शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल- भास्कर हिंदी की टीम ने जब इस वायरल वीडियो में किए गए दावे की जांच की, तो पता चला कि यह डिजिटली क्रिएटेड फेक वीडियो है। मिशन चंद्रयान-3 से जुड़ी हर एक अपडेट इसरो अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से शेयर करता है। हमारी टीम को जांच के दौरान ऐसा कोई भी वीडियो इसरो के किसी भी सोशल मीडिया अकाउंट पर नहीं मिला। इसके अलावा वायरल वीडियो में पृथ्वी को लगभग चंद्रमा की सतह से रिकॉर्ड करते हुए दिखाया जा रहा है लेकिन इसरो से प्राप्त जानकारी के अनुसार लैंडर अब तक चंद्रमा की सतह पर नहीं उतरा है। इस पोस्ट के कमेंट्स सेक्शन में भी कई यूजर इसे फेक और डिजिटली क्रिएटेड बता रहे हैं। अगर ऐसी कोई वीडियो चंद्रयान ने ली होती तो सबसे पहले इस वीडियो को इसरो शेयर करता।

इसके अलावा इसरो जब भी ऐसा कोई वीडियो शेयर करता है तो उसमें फ्रेम चेंज होता है, लेकिन 11 सेकेंड का यह वायरल वीडियो सिर्फ एक ही फ्रेम में अंत तक चंद्रमा से पृथ्वी को दिखा रहा है। चंद्रयान-3 का लैंडर विक्रम कल शाम 6 बजे के करीब चंद्रमा की सतह पर लैंड करेगा। इसरो की वेबसाइट के अलावा अन्य प्लैटफॉर्म्स से भी लैंडर विक्रम की लैंडिंग का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। 

Tags:    

Similar News